मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े 4 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी, गोपालपुरा स्थित रेन बो स्कूल के बाहर हुई। स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूटी सवार युवक बच्चे को गोद में उठाकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
स्कूल से बाहर निकलते ही उठा ले गए बच्चा
अपहृत बच्चे की पहचान कार्तिकेय राजपूत (4) के रूप में हुई है। वह रेन बो प्ले स्कूल का छात्र है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छुट्टी के बाद एक युवक स्कूल के बाहर पहुंचा। उसने बच्चे को गोद में उठाया और पास में खड़ी स्कूटी तक ले गया। वहां पहले से मौजूद दूसरे युवक के साथ वह बच्चे को लेकर फरार हो गया।
मां के साथ ननिहाल में रहता था मासूम
जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां इशू यादव पारिवारिक विवाद के चलते अपने पति निलेश राजपूत से अलग रह रही है। वह अपने मायके में रह रही थीं और कार्तिकेय भी उनके साथ ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना का वीडियो स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में एक युवक बच्चे को गोद में उठाकर स्कूटी की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
शहर में नाकेबंदी, तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और बच्चे की तलाश जारी है।
फिलहाल अपहरण के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।












