जबलपुर। शहर में नामी ब्रांड के नाम पर नकली कपड़े बेचने का मामला सामने आया है। जबलपुर पुलिस-प्रशासन की टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र की एक कपड़ा दुकान पर कार्रवाई कर Puma कंपनी के नाम और लोगो वाले 496 नग नकली कपड़े जब्त किए हैं। जब्त सामान में टी-शर्ट, लोअर और हुडी शामिल हैं। मामले में पुलिस ने दुकान संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई की है। Jabalpur Crime 2026
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के पास एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म, नई दिल्ली के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि कोतवाली थाना क्षेत्र की कुछ दुकानों पर Puma के नाम और लोगो से मिलते-जुलते नकली कपड़े बेचे जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद कोतवाली थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एक्टिवा से कपड़े लेकर जा रहे युवक को पकड़ा
मंगलवार दोपहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक एक्टिवा से सफेद रंग की बोरी में Puma के लोगो वाले कपड़े लेकर बड़ा फुहारा की तरफ जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने कोतवाली थाने के सामने घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए का युवक एक्टिवा पर बोरी लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी की पहचान तनिष्क जैन (25), निवासी मिलौनीगंज, हनुमानताल के रूप में हुई।
बोरी से मिले 36 टी-शर्ट और 24 लोअर
पुलिस ने युवक के पास मौजूद बोरी की तलाशी ली तो उसमें Puma के नाम और लोगो वाले 36 टी-शर्ट और 24 लोअर मिले। पूछताछ में तनिष्क ने बताया कि वह गढ़ा फाटक रोड स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स में काम करता है। आरोपी के अनुसार, दुकान मालिक खेमचंद जैन के कहने पर वह दुकान से ये कपड़े लेकर सप्लाई करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बड़े बाबा गारमेंट्स में दबिश दी।
दुकान से 300 टी-शर्ट और 136 हुडी बरामद
पुलिस ने दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली। दुकान संचालक ने अपना नाम खेमचंद जैन (55), निवासी भालदापुरा, नरघैया, कोतवाली बताया। तलाशी के दौरान दुकान से Puma के नाम और लोगो वाले 300 टी-शर्ट और 136 हुडी बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक दुकान संचालक ने पूछताछ में इस माल को अपना बताया। इस तरह युवक के पास से मिले 60 कपड़ों और दुकान से बरामद 436 कपड़ों को मिलाकर कुल 496 नग माल जब्त किया गया।
कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तनिष्क जैन और दुकान संचालक खेमचंद जैन के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली कपड़ों की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस कारोबार में इनके अलावा कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं।










