उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में पिस्तौल की नोक पर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पंवासा क्षेत्र के रहने वाले एक परिवार ने इलाके के कुछ दबंगों पर धमकाने और झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि बदमाशों के डर से वे पिछले दो दिनों से अपने घर नहीं जा पा रहे हैं। परिवार ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और सुरक्षा की मांग की।
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 5 लाख
ज्ञान टेकरी पंवासा, गौरी नगर निवासी कालूराम ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि क्षेत्र के भरत सांखला और अश्विन जोशी उन्हें कथित तौर पर परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि पहले उन्हें नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित के मुताबिक जब उसने इसका विरोध किया तो मामला खत्म करने के बदले उससे 5 लाख रुपये की मांग की गई। कालूराम का कहना है कि इतनी बड़ी रकम देने से इनकार करने के बाद धमकियां और बढ़ गईं।

पिस्तौल और चाकू लेकर घूमने का आरोप
कालूराम ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उसके पीछे कुछ लोगों को लगा रखा है। ये लोग पिस्तौल और चाकू लेकर घूमते हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे पिछले दो दिनों से अपने घर नहीं गए हैं। परिवार को डर है कि घर लौटने पर उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।
SP से मांगी सुरक्षा और कार्रवाई
डर के माहौल में परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। कालूराम का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कर रही है।










