Seoni Supari Fraud: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र में एक युवा व्यापारी के साथ 35 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महाराष्ट्र की एक फर्म ने सुपारी सप्लाई का झांसा देकर व्यापारी से लाखों रुपये एडवांस के रूप में ले लिए। बाद में न तो तय गुणवत्ता का माल दिया और न ही पैसे लौटाए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सैंपल दिखाकर किया सौदा
जानकारी के अनुसार, छपारा निवासी वैभव शिवहरे ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र की एक फर्म ने बेहतर गुणवत्ता की सुपारी का सैंपल दिखाकर उनसे कारोबार का सौदा किया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में करीब 35 लाख रुपये एडवांस के रूप में ले लिए गए।
माल देखने पहुंचे तो खुला पूरा मामला
पीड़ित के मुताबिक, जब वह महाराष्ट्र के सांगली पहुंचकर माल देखने गया तो वहां मौजूद सुपारी की गुणवत्ता पहले दिखाए गए सैंपल से पूरी तरह अलग निकली। इस पर उसने सौदा रद्द कर दिया और अपनी एडवांस राशि वापस मांगी।
रकम लौटाने का भरोसा देकर हुए फरार
आरोप है कि आरोपियों ने पहले पैसे लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और संपर्क से बाहर हो गए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने ठगी की योजना के तहत सांगली में किराये पर एक जगह लेकर फर्म का संचालन होने का माहौल तैयार किया था, ताकि कारोबार वास्तविक लगे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की शिकायत के आधार पर छपारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान, लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
नोट: फिलहाल यह मामला पुलिस जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।











