नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। नशा विरोधी अभियान ‘ईगल क्लॉ’ के तहत तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस वाहन मालिक और ड्राइवर की तलाश में जुटी है।
पुलिस को देखते ही यू-टर्न लेकर भागा चालक
पुलिस के अनुसार, NH-45 स्थित खमरिया पेट्रोल पंप के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक वाहन मोड़ा और तेज गति से भागने लगा। कुछ दूरी पर वह पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आलू की बोरियों के नीचे मिली 130 पेटी शराब
पुलिस ने जब पिकअप वाहन की तलाशी ली तो ऊपर आलू की बोरियां रखी मिलीं। बोरियां हटाने पर नीचे बड़ी मात्रा में छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 130 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने जब्त शराब और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश की जा रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच कर इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।











