गूगल न्यूज़ में हमारे साथ जुड़ें

रेलवे स्टेशन पर RPF का बड़ा एक्शन: नो पार्किंग और अवैध वेंडरों पर शिकंजा, 3,805 लोगों पर कार्रवाई, 20 लाख से ज्यादा जुर्माना

रायपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन ने विशेष अभियान ...

Published

Published

रेलवे स्टेशन पर RPF का बड़ा एक्शन: नो पार्किंग और अवैध वेंडरों पर शिकंजा, 3,805 लोगों पर कार्रवाई, 20 लाख से ज्यादा जुर्माना

रायपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशनों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों लोगों पर जुर्माना लगाया गया।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान रेलवे अधिनियम की धारा 159 के तहत नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 2,025 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेलवे परिसर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया गया।

अवैध वेंडरों पर भी कसा शिकंजा

रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वाले 1,780 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की गई। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति स्टेशन या ट्रेन में व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

3,805 लोगों पर कार्रवाई, 20 लाख से ज्यादा जुर्माना

नो पार्किंग और अवैध वेंडिंग के दोनों मामलों को मिलाकर कुल 3,805 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसर को अवैध गतिविधियों, अतिक्रमण और यातायात संबंधी अव्यवस्था से मुक्त रखना है।

भाटापारा स्टेशन पर टिकट जांच अभियान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान भी चलाया गया। सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में जांच के दौरान कुल 287 मामले दर्ज किए गए और 2,45,835 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जांच में बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्री, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 72 यात्री और अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 22 यात्री पकड़े गए। इसके अलावा गंदगी और धूम्रपान के एक-एक मामले में भी कार्रवाई की गई।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने और स्टेशन परिसर में बिना अनुमति किसी तरह की बिक्री या फेरी नहीं लगाने की हिदायत दी गई है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

बतौर पत्रकार जुड़िए अनोखी आवाज़ से

Apply Form