उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। 30 जुलाई से 6 अगस्त तक महज 8 दिनों में 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसी दौरान मंदिर में लड्डू प्रसाद की बिक्री भी तेजी से बढ़ी और 497 क्विंटल से ज्यादा लड्डू बिक गए।
लड्डू प्रसाद की बिक्री से मंदिर प्रबंध समिति को 2 करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपये की आय हुई है।
8 दिन में 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
महाकाल मंदिर में इन 8 दिनों के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ सावन के पहले सोमवार को रही। इस दिन 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए।
इसके अलावा शनिवार को करीब 4 लाख 19 हजार और रविवार को 4 लाख 76 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। 30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच कुल 29,28,349 दर्शनार्थियों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए।
497.439 क्विंटल लड्डू प्रसाद की बिक्री
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ लड्डू प्रसाद की मांग भी बढ़ गई। मंदिर समिति के अनुसार 30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच कुल 497.439 क्विंटल लड्डू प्रसाद की बिक्री हुई।
इससे मंदिर प्रबंध समिति को ₹2.35 करोड़ से ज्यादा की आय हुई है। सावन के दौरान रोजाना लड्डू प्रसाद की बिक्री सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ गई है।
सावन में रोज बिक रहा 70 क्विंटल तक लड्डू
महाकाल मंदिर समिति की सहायक प्रशासक सिम्मी यादव के मुताबिक मंदिर परिसर में लड्डू प्रसाद के लिए 10 काउंटर बनाए गए हैं। सामान्य दिनों में रोजाना करीब 25 से 30 क्विंटल लड्डू बिकते हैं, लेकिन सावन में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 70 क्विंटल प्रतिदिन तक पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के सावन में श्रद्धालुओं के लिए करीब 2800 क्विंटल लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराया गया था। इस बार मांग को देखते हुए 2026 में चिंतामण गणेश यूनिट में करीब 3500 क्विंटल लड्डू प्रसाद तैयार कराया जा रहा है।
श्रावण-भादव मास के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से दर्शन व्यवस्था के साथ प्रसाद की पर्याप्त उपलब्धता पर भी लगातार ध्यान दिया जा रहा है।











