मैहर। जिले के संकुल केंद्र मिरगौती के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय अमुआ से शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानाध्यापक समयलाल कोल पर शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने और बच्चों से स्कूल परिसर की गंदगी साफ करवाने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
देर से स्कूल पहुंचने का भी आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक नियमित समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते हैं। कई बार वे सुबह 11 बजे तो कभी दोपहर 12 बजे स्कूल पहुंचते हैं। शिक्षक के समय पर नहीं आने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी अभिभावकों ने कही है। ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होती। मध्यान्ह भोजन व्यवस्था भी प्रभावित रहती है। इसके अलावा शिक्षक पर स्कूल परिसर में गुटखा खाकर जगह-जगह थूकने का भी आरोप लगाया गया है।
बच्चों से सफाई कराने का आरोप
अभिभावकों ने सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल परिसर में गंदगी कर देते हैं और बाद में बच्चों से उसकी सफाई करवाते हैं। आरोप है कि कक्षा 3 के छात्रों समेत अन्य बच्चों को भी इस काम में लगाया गया। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों से इस तरह का काम करवाना गंभीर मामला है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई दोनों पर असर पड़ सकता है।
जांच और कार्रवाई की मांग
मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को गंभीरता से जांच करनी चाहिए।
फिलहाल प्रधानाध्यापक पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।











