Neemuch Food Safety Action: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने वीर पार्क रोड स्थित अग्रवाल संस घी डीलर प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां श्रीमूल ब्रांड का बड़ी मात्रा में घी भंडारित मिला। जांच के लिए घी के 8 सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं सैंपल लेने के बाद बचा घी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया।
अलग-अलग पैकिंग के 8 सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा टीम को प्रतिष्ठान पर श्रीमूल ब्रांड का शुद्ध घी और गाय का घी अलग-अलग पैकिंग में मिला। टीम ने गुणवत्ता और मानकों की जांच के लिए कुल 8 नमूने लिए। इनमें 1 लीटर, 500 एमएल, 200 एमएल, 5 किलोग्राम और 15 किलोग्राम की पैकिंग शामिल हैं। सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं।
2.32 लाख का घी किया जब्त
कार्रवाई के दौरान करीब 179 लीटर और 302 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपल लेने के बाद संबंधित घी को अधिग्रहित कर लिया। जांच रिपोर्ट आने तक इस खाद्य पदार्थ की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी गुणवत्ता
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक अभी घी की गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है। भोपाल से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि संबंधित उत्पाद निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब तक 5 लाख से ज्यादा का घी जब्त
विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों में घी से जुड़े कुल 15 नमूने लिए जा चुके हैं। इस दौरान 5 लाख रुपये से अधिक कीमत का घी भी जब्त किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा समेत विभाग की टीम मौजूद रही।











