गूगल न्यूज़ में हमारे साथ जुड़ें

UP Govt Jobs 2026: यूपी में 126 नए सरकारी स्कूल खुले, 1810 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 126 ...

Published

Published

UP Govt Jobs 2026: यूपी में 126 नए सरकारी स्कूल खुले, 1810 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय तैयार किए गए हैं। इन स्कूलों के संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 1810 नियमित पदों को मंजूरी दी है। इनमें प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक और कनिष्ठ सहायक के पद शामिल हैं। UP Govt Jobs 2026

126 नए राजकीय विद्यालय तैयार

प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल तैयार किए गए हैं। निर्माण पूरा होने के बाद इन सभी विद्यालयों का हस्तांतरण भी किया जा चुका है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन स्कूलों में पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है।

इन विद्यालयों के संचालन के लिए विभाग की ओर से कुल 1810 नियमित पद सृजित किए गए हैं।

1810 पदों में ये शामिल

विभाग के अनुसार 68 प्रधानाचार्य, 58 प्रधानाध्यापक, 680 प्रवक्ता, 819 सहायक अध्यापक यानी एलटी और 185 कनिष्ठ सहायक के पद सृजित किए गए हैं।

इस तरह नए स्कूलों में शिक्षकों के साथ-साथ गैर-शैक्षणिक पदों पर भी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि भर्ती प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

आधे पदों पर होगी सीधी भर्ती

माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक स्वीकृत पदों में 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। इन पदों पर भर्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी।

वहीं बाकी 50 प्रतिशत पदों को पदोन्नति के जरिए भरा जाएगा। ऐसे में UP Govt Jobs 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इन पदों को लेकर आगे जारी होने वाली भर्ती सूचना अहम होगी।

नए स्कूलों में इतने छात्रों को मिलेगा प्रवेश

नए विद्यालयों में कक्षा 6 और कक्षा 9 में 80-80 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्कूल शुरू होने के साथ ही इन पदों पर कर्मचारियों और शिक्षकों की जरूरत भी पूरी की जाएगी।

इन विषयों में होगी पढ़ाई

नए राजकीय इंटर कॉलेजों में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, सामाजिक विज्ञान और संस्कृत जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की पढ़ाई भी होगी।

कई जिलों में बनाए गए हैं नए स्कूल

नए और हस्तांतरित विद्यालय प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बनाए गए हैं। इनमें बलरामपुर के सात, बाराबंकी के तीन, सुल्तानपुर के चार, अमेठी का एक, बहराइच के तीन, अयोध्या के दो और गोंडा का एक विद्यालय शामिल है। इसके अलावा सीतापुर, रायबरेली और लखनऊ में भी एक-एक विद्यालय तैयार किया गया है।

नए स्कूलों के संचालन के साथ इन 1810 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। अभ्यर्थियों को संबंधित भर्ती बोर्ड और विभाग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।

बतौर पत्रकार जुड़िए अनोखी आवाज़ से

Apply Form