गूगल न्यूज़ में हमारे साथ जुड़ें

शाही सवारी से पहले सती गेट का होगा कायाकल्प, दोनों तरफ से मिलेगा रास्ता

उज्जैन। बाबा महाकाल की शाही सवारी के मार्ग को तैयार करने का काम तेज कर दिया गया है। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को देखते ...

Published

Published

Mahakal Shahi Sawari: शाही सवारी से पहले सती गेट का होगा कायाकल्प, दोनों तरफ से मिलेगा रास्ता

उज्जैन। बाबा महाकाल की शाही सवारी के मार्ग को तैयार करने का काम तेज कर दिया गया है। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को देखते हुए कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्य चल रहे हैं। 7 सितंबर को निकलने वाली बाबा महाकाल की शाही सवारी से पहले इस मार्ग को तैयार करने की कोशिश की जा रही है। Mahakal Shahi Sawari

शाही सवारी मार्ग पर तेजी से चल रहा काम

नगर निगम की ओर से कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इस दौरान सड़क निर्माण के साथ नाली, बिजली के पोल और पेयजल लाइन शिफ्टिंग जैसे काम भी किए जा रहे हैं। चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। वहीं कंठाल चौराहे को पेवर ब्लॉक लगाकर नए तरीके से विकसित किया जा रहा है। यहां मौजूद प्राचीन हनुमान मंदिर को भी स्थानांतरित किया गया है।

ऐतिहासिक स्वरूप में नजर आएगा सती गेट

कंठाल से छत्री चौक के बीच स्थित सती गेट इस पूरे मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सड़क चौड़ीकरण के साथ सती गेट के ऐतिहासिक स्वरूप को भी बरकरार रखने की तैयारी है। गेट की दीवारों की मरम्मत के साथ धुलाई, केमिकल कोटिंग और पेंटिंग का काम कराया जाएगा। इसके अलावा गेट के एक तरफ 8 फीट और दूसरी तरफ 15 फीट क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे।

अब दोनों तरफ से निकल सकेंगे वाहन

अतिक्रमण के कारण अभी सती गेट के पास एक तरफ से ही रास्ता उपलब्ध था। चौड़ीकरण का काम पूरा होने के बाद यहां दोनों तरफ से आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे शाही सवारी के दौरान भी मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक चल रहे विकास और चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण करने कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सती गेट सहित मार्ग के अन्य हिस्सों में चल रहे काम की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि शाही सवारी से पहले मार्ग को तैयार किया जा सके।

बतौर पत्रकार जुड़िए अनोखी आवाज़ से

Apply Form