भोपाल। रक्षाबंधन से पहले मध्यप्रदेश के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। राज्य में CNG की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। राजधानी भोपाल में थिंक गैस ने CNG के दाम 1.50 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए हैं। कीमत बढ़ने के बाद भोपाल में CNG का नया रेट 97.50 रुपये प्रति किलो हो गया है। कंपनी की ओर से भोपाल के अलावा राजगढ़ और शिवपुरी में भी CNG की सप्लाई की जाती है। पिछले कुछ महीनों में CNG की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। जानकारी के मुताबिक करीब छह महीने में CNG के दाम लगभग 10 रुपये प्रति किलो तक बढ़ चुके हैं।
जून से लगातार बढ़ रहे CNG के दाम
मध्यप्रदेश में जून के दौरान CNG की कीमत करीब 94.55 रुपये प्रति किलो थी। इसके बाद जुलाई के अंत तक इसकी कीमत बढ़कर 97.50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। उस समय गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को वजह बताया गया था। अब एक बार फिर कीमत बढ़ने से CNG वाहन चलाने वाले लोगों का खर्च बढ़ गया है। भोपाल में थिंक गैस के अपने पंपों पर CNG करीब 97 रुपये प्रति किलो और डीलरशिप वाले पंपों पर 97.50 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रही है।
भोपाल में 31 CNG स्टेशन
राजधानी भोपाल में थिंक गैस के कुल 31 CNG स्टेशन हैं। इनमें मैनिट, नीलबड़, होशंगाबाद रोड और बैरागढ़ रोड समेत शहर के कई प्रमुख इलाके शामिल हैं। इन स्टेशनों पर नई कीमतें लागू कर दी गई हैं। भोपाल में कुल 152 पेट्रोल पंप बताए जा रहे हैं। इनमें 12 पेट्रोल पंप ऐसे हैं, जहां पेट्रोल और डीजल के साथ CNG की सुविधा भी उपलब्ध है।
वाहन चालकों की जेब पर बढ़ेगा खर्च
CNG की कीमत बढ़ने का सीधा असर उन वाहन चालकों पर पड़ेगा जो रोजाना अपने वाहनों में CNG का इस्तेमाल करते हैं। खासकर कैब, ऑटो और अन्य CNG वाहनों के संचालन का खर्च बढ़ सकता है। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब वाहन मालिकों को ईंधन पर पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना होगा।












