गूगल न्यूज़ में हमारे साथ जुड़ें

MP News: CM के नाम से फर्जी ट्रांसफर लेटर तैयार करने का आरोप, पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम से फर्जी पत्र तैयार कर आयुष चिकित्सा अधिकारी के तबादले की कोशिश ...

Published

Published

MP News: CM के नाम से फर्जी ट्रांसफर लेटर तैयार करने का आरोप, पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम से फर्जी पत्र तैयार कर आयुष चिकित्सा अधिकारी के तबादले की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में सीहोर जिले के 33 वर्षीय मुकेश भोंसले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और टैबलेट भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अतुलकर ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि 21 जुलाई को उनके मोबाइल नंबर पर वॉट्सऐप के जरिए एक पत्र भेजा गया था। यह पत्र मुख्यमंत्री के नाम से तैयार किया गया था और इसमें मुख्यमंत्री के फर्जी लेटरपैड और तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था।

आयुष अधिकारी के तबादले का दिया गया था हवाला

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के अनुसार, फर्जी पत्र CMHO कार्यालय को संबोधित था। इसमें जिले की आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल के तबादले का हवाला दिया गया था। पत्र में डॉ. निर्मला निगवाल को उदयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोंडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित किए जाने के आवेदन का उल्लेख किया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच में 15 हजार रुपये के लेनदेन की बात सामने आई

पुलिस निरीक्षक सोनू सितोले ने बताया कि जांच के दौरान आयुष चिकित्सा अधिकारी के वाहन चालक नवल सिंह द्वारा मुकेश भोंसले को यूपीआई के जरिए 15 हजार रुपये दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन और टैबलेट जब्त कर लिए हैं। अब पुलिस इस पूरे मामले में पैसों के लेनदेन और फर्जी पत्र तैयार करने के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

आयुष अधिकारी और चालक की भूमिका की भी जांच

पुलिस के मुताबिक, मामले में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल और उनके वाहन चालक नवल सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनकी भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस फर्जी पत्र तैयार करने, उसे भेजने और तबादले से जुड़े पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बतौर पत्रकार जुड़िए अनोखी आवाज़ से

Apply Form