भोपाल। मध्यप्रदेश में कॉलेज एडमिशन से वंचित रह गए छात्रों के लिए एक और मौका दिया गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए उच्च शिक्षा विभाग 10 से 14 अगस्त तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग यानी CLC चरण आयोजित कर रहा है। इसमें खाली सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
14 अगस्त तक मिलेगा प्रवेश
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार के निर्देश पर यह अतिरिक्त CLC चरण शुरू किया जा रहा है। शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और अशासकीय कॉलेजों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। हालांकि 14 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद मिलने वाले प्रवेश मान्य नहीं होंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।
छात्रों को सीधे कॉलेज में लेना होगा प्रवेश
अतिरिक्त CLC चरण में जिन कॉलेजों में सीटें खाली हैं, वहां छात्र सीधे पहुंचकर प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश से पहले संबंधित कॉलेज में सीट की उपलब्धता देखना जरूरी होगा। नवीन पंजीकृत छात्रों को इस चरण में केवल एक कॉलेज का विकल्प मिलेगा। कॉलेज के हेल्प सेंटर पर जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद छात्र उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा कर सकते हैं।
प्रवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- प्रवेश केवल रिक्त सीटों पर दिया जाएगा।
- प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा।
- खाली सीटों की जानकारी छात्र और कॉलेज दोनों के लॉगिन पर दिखाई देगी।
- पंजीकृत छात्र सीट उपलब्ध होने पर संबंधित कॉलेज में सीधे पहुंच सकते हैं।
- दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
- किसी परेशानी की स्थिति में कॉलेज के हेल्प सेंटर से संपर्क किया जा सकता है।
- नवीन पंजीकृत छात्र केवल एक कॉलेज में पंजीयन कर सकेंगे।
- 14 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा।
5.24 लाख छात्रों को मिल चुका है प्रवेश
उच्च शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 31 जुलाई 2026 तक प्रदेश में 5 लाख 24 हजार 48 छात्रों को प्रवेश दिया जा चुका है। कुल 2,001 कॉलेजों में 7 लाख 51 हजार 123 छात्रों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। इनमें 6 लाख 60 हजार 981 छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन हुआ।
स्नातक स्तर पर 4 लाख 58 हजार 792 छात्रों ने पंजीयन कराया, जिनमें 3 लाख 60 हजार 902 छात्रों को प्रवेश मिला। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर 1 लाख 66 हजार 402 छात्रों ने पंजीयन कराया और 1 लाख 14 हजार 802 छात्रों ने प्रवेश लिया।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री @Indersinghsjp के निर्देश पर प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को प्रवेश का अंतिम अवसर
10 से 14 अगस्त तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) चरण, रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश
यह भी पढ़ें: Ujjain Crime: पिस्तौल दिखाकर 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, 2 दिन से घर नहीं गया परिवार, SP से लगाई गुहारRM-https://t.co/hcPzE0hd1X#MadhyaPradesh#CollegeAdmissions pic.twitter.com/MeVbpbh6CK
— Higher Education Department, MP (@highereduminmp) August 9, 2026
एनसीटीई पाठ्यक्रमों में भी 1 लाख 25 हजार 929 छात्रों ने पंजीयन कराया है। इनमें 48 हजार 344 छात्रों को प्रवेश मिल चुका है।
इस अतिरिक्त CLC चरण को उन छात्रों के लिए अंतिम अवसर माना जा रहा है, जो अभी तक कॉलेज में प्रवेश नहीं ले पाए हैं। छात्रों को निर्धारित समय के भीतर सीट उपलब्धता और दस्तावेजों की जांच कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।











