CG Crime: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित एक कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों नहीं, बल्कि करीब 5 करोड़ रुपये के नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती रत्न चोरी होने की आशंका है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरी गए सामान और उसकी वास्तविक कीमत की पुष्टि मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगी।
तीर्थ यात्रा पर गए थे दंपत्ति
जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर मुख्य मार्ग स्थित कारोबारी रजनीश सेठ और उनकी पत्नी तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए एसी (AC) हटाकर रास्ता बनाया और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के सभी कमरों की तलाशी लेकर कीमती सामान समेट लिया।
मित्र ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी सबसे पहले कारोबारी के एक मित्र को लगी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
करीब 5 करोड़ की चोरी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती रत्न और अन्य बहुमूल्य सामान चोरी हुआ है। फिलहाल चोरी की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक नुकसान का आकलन मकान मालिक दंपत्ति के लौटने और सूची उपलब्ध कराने के बाद ही किया जाएगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही चोरी गए सामान और वारदात से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।











