गूगल न्यूज़ में हमारे साथ जुड़ें

Chhattisgarh Tourism: घूमने का बना रहे हैं प्लान तो फर्जी बुकिंग से रहें सावधान, पर्यटन बोर्ड ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। अगर आप छत्तीसगढ़ घूमने का प्लान बना रहे हैं और होटल, पर्यटन आवास या किसी टूर पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग करने वाले हैं ...

Published

Published

Chhattisgarh Tourism: घूमने का बना रहे हैं प्लान तो फर्जी बुकिंग से रहें सावधान, पर्यटन बोर्ड ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। अगर आप छत्तीसगढ़ घूमने का प्लान बना रहे हैं और होटल, पर्यटन आवास या किसी टूर पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग करने वाले हैं तो सावधान रहें। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने फर्जी बुकिंग को लेकर पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया है। बोर्ड को ऐसी अनधिकृत वेबसाइटों और माध्यमों की जानकारी मिली है, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की सुविधा देने का दावा कर रहे हैं। Chhattisgarh Tourism

बोर्ड ने आशंका जताई है कि ऐसे फर्जी माध्यमों के जरिए पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी की जा सकती है। इसलिए पर्यटकों को बुकिंग करने से पहले वेबसाइट और भुगतान प्रक्रिया की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है। 

सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से करें बुकिंग

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से कहा है कि पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और दूसरी पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर, विज्ञापन या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग करने से बचें। अगर कोई माध्यम छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग का दावा करता है तो भुगतान करने से पहले उसकी आधिकारिकता जरूर जांच लें।

कम कीमत का ऑफर मिले तो रहें सावधान

बोर्ड के मुताबिक साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, लोगो, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल करके लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। इसके जरिए सस्ते कमरे, पर्यटन आवास या आकर्षक टूर पैकेज का ऑफर देकर ऑनलाइन भुगतान कराया जा सकता है। ऐसे में अगर किसी वेबसाइट या व्यक्ति की ओर से सामान्य से काफी कम कीमत पर बुकिंग, तुरंत भुगतान करने का दबाव या कोई आकर्षक पैकेज दिया जा रहा है तो विशेष सावधानी बरतें।

निजी खाते में पैसे भेजने से बचें

पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सलाह दी है कि किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते, संदिग्ध पेमेंट लिंक या अनजान मोबाइल नंबर पर पैसे न भेजें। बुकिंग और भुगतान के लिए केवल अधिकृत प्रक्रिया का इस्तेमाल करें। पर्यटन संबंधी जानकारी और बुकिंग के लिए पर्यटक गढ़ कलेवा, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के सूचना केंद्र और अलग-अलग जिलों में मौजूद सूचना केंद्रों से भी संपर्क कर सकते हैं।

संदेह होने पर हेल्पलाइन पर करें संपर्क

किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक या मोबाइल नंबर को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड से इसकी पुष्टि की जा सकती है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन नंबर: +91-7714224600, 18001026415

पर्यटन बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि छत्तीसगढ़ घूमने की योजना बनाते समय बुकिंग के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का इस्तेमाल करें। इससे फर्जी बुकिंग और ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है।

बतौर पत्रकार जुड़िए अनोखी आवाज़ से

Apply Form