खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में शासकीय छात्रावास के छात्रों ने खराब भोजन और हॉस्टल स्टाफ के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। हाथों में खाने की थाली लेकर करीब चार किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए छात्रों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप है कि उन्हें परोसे जाने वाले भोजन में कई बार मरे हुए कीड़े और इल्लियां मिल चुकी हैं, लेकिन शिकायतों के बाद भी कोई सुधार नहीं किया गया।
भोजन में कीड़े मिलने का आरोप, छात्रों ने जताया विरोध
लालचौकी क्षेत्र स्थित सीनियर संयुक्त परियोजना बालक छात्रावास के छात्रों ने बताया कि हॉस्टल में कई बार खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा गया। उनका आरोप है कि खाने में मरे हुए कीड़े और इल्लियां मिलने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे छात्रों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विरोध प्रदर्शन का फैसला लिया।
शिकायत पर नहीं हुई सुनवाई
छात्रों का कहना है कि कई बार हॉस्टल प्रबंधन को शिकायत देने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि समस्या बताने पर स्टाफ समाधान करने के बजाय छात्रों से अभद्र व्यवहार करता है और उन्हें ही डांट दिया जाता है।
हॉस्टल स्टाफ पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित हॉस्टल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जांच के निर्देश, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने छात्रों से चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभाग की टीम को छात्रावास भेजकर पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











