मध्य प्रदेश के जबलपुर में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। डॉक्टर का नंबर इंटरनेट पर सर्च करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। रजिस्ट्रेशन के नाम पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही उसके बैंक खाते से 5 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के इलाज के लिए खोज रहे थे डॉक्टर
मामला गोरखपुर थाना क्षेत्र के हथिताल का है। पीड़ित राकेश कुमार गुप्ता अपनी पत्नी के त्वचा रोग का इलाज कराने के लिए इंटरनेट पर डॉक्टर का नंबर खोज रहे थे।
नंबर मिलने के बाद उन्होंने कॉल किया। बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने रजिस्ट्रेशन कराने के लिए एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा।
लिंक पर क्लिक करते ही खाते से निकले 5 लाख रुपये
राकेश गुप्ता ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन में करीब 5 लाख रुपये निकल गए।
पैसे कटने का मैसेज मिलने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला।
पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का एहसास होने के बाद राकेश गुप्ता ने गोरखपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगी की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रांजैक्शन और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ऑनलाइन नंबर सर्च करते समय बरतें सावधानी
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि इंटरनेट पर मिले किसी भी नंबर या लिंक पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें। डॉक्टर, अस्पताल या किसी भी सेवा के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या सत्यापित नंबर का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी पूरी जांच कर लें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही से बैंक खाता खाली हो सकता है।











