Mumbai Local Train Fight: मुंबई-अंबरनाथ लोकल ट्रेन में सीट को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने कड़े से हमला कर दो यात्रियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के दौरान एक यात्री को चलती ट्रेन से बाहर धक्का देने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो गया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल यात्री ने बताई पूरी घटना
घायल यात्री ने बताया कि वह काम खत्म कर लोकल ट्रेन से घर लौट रहा था। दिवा स्टेशन के बाद ट्रेन में काफी सीटें खाली थीं। डोंबिवली स्टेशन से कुछ युवक डिब्बे में चढ़े और उसके पास आकर बोले, “तू सो कैसे रहा है?”
यात्री के मुताबिक, वह सीट से उठ ही रहा था कि एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर कई वार कर दिए। इससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा।
उसने बताया कि जब उसने हमलावर का कॉलर पकड़ा तो आरोपी उसे चलती ट्रेन से बाहर धक्का देने की कोशिश करने लगे। ठाकुरली स्टेशन पर कुछ अन्य यात्रियों के डिब्बे में चढ़ने के बाद उसकी जान बच सकी।
यह भी पढ़ें: नई रेल लाइन के विरोध में उतरे किसान और व्यापारी, सांसद अनिल फिरोजिया से बोले, 3 हजार लोग होंगे प्रभावितView this post on Instagram
दो यात्री गंभीर रूप से घायल
मारपीट में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हुए। रात करीब 12:30 बजे ट्रेन के कल्याण स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक उपचार के बाद रुक्मिणीबाई अस्पताल भेजा गया।
वीडियो और CCTV के आधार पर जांच
जीआरपी कल्याण ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो और ठाकुरली स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, घटना रात 12:10 से 12:30 बजे के बीच डोंबिवली और ठाकुरली स्टेशन के बीच हुई। लगेज कोच में सफर कर रहे प्रीतेश कनौजिया का विवाद राजू वाघे और साहिल खांडारे से हुआ था।
मारपीट के दौरान कड़े से किए गए वार में राजू वाघे और साहिल खांडारे के सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।











