खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में होटल से पैक कराकर लाए गए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। परिवार के मुताबिक, खाना खाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।
खाना खाते समय नजर आया मरा हुआ चूहा
मामला खंडवा शहर के खानशाहवली वार्ड का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले सलमान खान के अनुसार उन्होंने कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से नॉनवेज खाना पैक कराया था।
रात में परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे को खाने में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। जब उसने उसे बाहर निकाला तो वह मरा हुआ चूहा निकला। परिवार ने घटना का वीडियो भी बनाया है।
खाना खाने के बाद बच्चे की बिगड़ी तबीयत
सलमान खान के मुताबिक, उनके बेटे और बेटी ने खाना खाया था। इसके बाद बेटे की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे दो-तीन बार उल्टी हुई। तबीयत खराब होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया।

परिवार का आरोप है कि होटल से दिए गए खाने में इस तरह की लापरवाही से बच्चों की सेहत को खतरा हो सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद CM हेल्पलाइन में शिकायत
घटना के बाद परिवार ने खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित सलमान खान ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई है।
परिवार ने होटल संचालक के खिलाफ जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और खाने के नमूनों की रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











